Sunday, 7 June 2026

दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रोफेसर देबश्मिता पाल की हत्या: कुछ असहज प्रश्न


दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रोफेसर देबश्मिता पाल की हत्या ने विश्वविद्यालय परिवार के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को भीतर तक झकझोर दिया है। देबश्मिता की मृत्यु के साथ केवल एक व्यक्ति का जीवन समाप्त नहीं हुआ, बल्कि समाज द्वारा निर्मित एक ऐसी शिक्षिका का भी अंत हो गया, जो आने वाले वर्षों में असंख्य विद्यार्थियों, सहकर्मियों और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सकती थीं।

स्वयं एक ऐड-हॉक शिक्षक होने के नाते मैं उनके संघर्ष को कुछ हद तक समझ सकता हूँ। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वे वर्ष 2023 में स्थायी प्रोफेसर बनी थीं। लंबे संघर्षों के बाद जीवन की एक स्थिर और आश्वस्त अवस्था उनके सामने खुल रही थी। अब उन्हें एक उत्कृष्ट शिक्षिका के रूप में, समाज की नैतिक चेतना के संवाहक के रूप में और अनेक अन्य भूमिकाओं में योगदान देना था। किंतु उनकी असामयिक और क्रूर हत्या ने अनेक ऐसे प्रश्न हमारे सामने खड़े कर दिए हैं, जिन पर एक शिक्षक, एक विद्यार्थी और एक समाज के रूप में हमें गंभीरता से विचार करना चाहिए।

मीडिया और पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उनकी हत्या कोलकाता स्थित उनकी पैतृक संपत्ति को लेकर हुई। बताया जा रहा है कि उनके मकान में किराये पर रहने वाले एक दंपति ने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया, क्योंकि वे उस संपत्ति को खरीदना चाहते थे और देबश्मिता उसे बेचना नहीं चाहती थीं। संपत्ति के मोह ने उन्हें इतना अंधा कर दिया कि उन्होंने एक निर्दोष जीवन को समाप्त कर दिया।

मेरे मन में बार-बार एक प्रश्न उठता है—किसी व्यक्ति को यह विश्वास कैसे हो जाता है कि वह इतना बड़ा अपराध करके भी बच निकलेगा? क्या उसे कानून, न्याय और समाज की सामूहिक चेतना पर भरोसा नहीं रहता, या फिर उसे यह लगता है कि धन और प्रभाव हर अपराध को ढक सकते हैं? यह प्रश्न केवल इस घटना तक सीमित नहीं है; यह हमारे समय और समाज के चरित्र से जुड़ा हुआ प्रश्न है।

एक शिक्षक होने के साथ-साथ सामाजिक जीवन से जुड़े व्यक्ति के रूप में मुझे विविध प्रकार के लोगों से मिलने का अवसर मिला है। दिल्ली विश्वविद्यालय में आने से पहले मैंने संसद में कांग्रेस, शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी के सांसदों के संसदीय निजी सचिव के रूप में भी कार्य किया है। जीवन के 43 वर्षों में मुझे ऐसे लोग भी मिले जिन्होंने निस्वार्थ भाव से मेरा मार्गदर्शन किया, मेरे जीवन को संवारने के अवसर दिए और कठिन समय में संबल बनकर खड़े रहे। वे मेरे लिए देवदूतों से कम नहीं है। 

परंतु इसके साथ ही मैंने यह भी अनुभव किया है कि समाज में बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है जो अपने स्वार्थ, महत्वाकांक्षाओं और व्यक्तिगत लाभ को ही जीवन का केंद्र बना लेते हैं। यह कोई नई बात नहीं है, परंतु चिंताजनक तब हो जाती है जब समाज की व्यवस्थाएँ भी, अनजाने में अथवा सत्ता में बने रहने के लिए जानबूझकर, ऐसे ही प्रवृत्तियों को प्रोत्साहित करने लगती हैं।

हम व्यक्ति निर्माण, मूल्य शिक्षा और चरित्र निर्माण की बातें बड़े उत्साह से करते हैं। अनेक प्रशिक्षण शिविरों, व्याख्यानों और संगोष्ठियों में इन विषयों पर गंभीर चर्चा होती है। किंतु व्यवहारिक जीवन में अक्सर वही लोग निर्णयकारी स्थानों पर पहुँचते दिखाई देते हैं जो सफलता की दौड़ में किसी भी सीमा तक जाने को तैयार होते हैं। संवेदनशील, ईमानदार और मूल्यनिष्ठ लोगों को प्रायः अव्यावहारिक मान लिया जाता है। परिणामस्वरूप समाज के भीतर यह धारणा बनती जाती है कि सफलता का मार्ग केवल धन, प्रभाव और चतुराई से होकर गुजरता है।

यदि समाज के बड़े हिस्से में यह विश्वास स्थापित हो जाए कि मूल्य और नैतिकता केवल पुस्तकों के विषय हैं, जीवन के नहीं, तो फिर संपत्ति, शक्ति या लाभ के लिए अपराधों का बढ़ना कोई आश्चर्य की बात नहीं रह जाती।

राजनीति इसका एक उदाहरण है। हमारे समाचार चैनल दिन-रात चुनावी समीकरणों, जीत-हार और सत्ता की रणनीतियों पर चर्चा करते हैं। राजनीति घर-घर में चर्चा का विषय बन चुकी है। परंतु आम जनमानस के मन में धीरे-धीरे यह भावना भी घर कर रही है कि राजनीति में वही आगे बढ़ता है जिसके पास धन, संसाधन और प्रभाव है। मेरे कई व्यक्तिगत अनुभव ऐसे है कि यह धारणा सत्य के नीव पर आधारित लगती है। यदि समाज के अन्य लोग भी सदैव ऐसा ही अनुभव करने लगें तो यह गहरी चिंता का विषय अवश्य है।

यह बात केवल राजनीतिक दलों पर लागू नहीं होती। अनेक सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक संगठन भी समय-समय पर इसी प्रकार के आत्ममंथन की आवश्यकता महसूस करते हैं। हमें स्वयं से पूछना चाहिए कि क्या हम वास्तव में अच्छे लोगों को आगे बढ़ाने का साहस रखते हैं, या केवल उनकी प्रशंसा करके संतुष्ट हो जाते हैं? कभी कभी तो हम केवल उनका उपयोग कर लेते है। 

हम अपनी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत, भारतीय ज्ञान परंपरा और विश्वगुरु बनने की आकांक्षा पर गर्व करते हैं। यह गर्व स्वाभाविक भी है। किंतु साथ ही हमें यह भी देखना होगा कि समाज के भीतर कौन-सी प्रवृत्तियाँ हमारी जड़ों को कमजोर कर रही हैं। यह किसी राजनीतिक दल या संगठन को दोष देने का विषय नहीं है; यह सामूहिक आत्मचिंतन का विषय है। साथ ही में हमारे राजनितिक दल और सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों को भी इस बात पर आत्मचिंतन और आत्ममंथन करना ही होगा। सत्ता सदैव नहीं रहती। 

भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में कहा है—“परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दुष्कृताम्।” समाज के रूप में हमें स्वयं से पूछना होगा कि क्या हम सद्कर्म करने वालों को पर्याप्त सम्मान और संरक्षण दे पा रहे हैं? क्या हम दुष्कर्मों के प्रति उतने ही स्पष्ट और कठोर हैं जितने होने चाहिए?

कब तक हम केवल अपने गौरवशाली अतीत का गुणगान करते रहेंगे और वर्तमान की चुनौतियों से आँख चुराते रहेंगे? कब तक मूल्य और आदर्श हमारे भाषणों तक सीमित रहेंगे? कुछ लोगों को तो बोलना ही होगा, कुछ लोगों को जोखिम उठाना ही होगा। लाभ-हानि के गणित से ऊपर उठकर समाज के सामने नवसृजन के स्वप्न रखने होंगे। गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर की पंक्तियाँ आज भी उतनी ही प्रासंगिक लगती हैं—“जोदी तोर डाक सुने केउ ना आसे तोबे एकला चलो रे। 

इस पूरी घटना का एक दूसरा पक्ष भी है, जो हमारे परिवार और सामाजिक संबंधों से जुड़ा हुआ है। आज परिवार भी समाज में बढ़ती स्वार्थपरायणता और व्यक्तिकेंद्रित जीवनशैली के प्रभाव से अछूते नहीं रहे हैं। अकेलापन बढ़ रहा है। संबंधों में स्थायित्व और प्रतिबद्धता का संकट दिखाई देता है। कई बार प्रेम भी आवश्यकता के साथ शुरू होता है और आवश्यकता समाप्त होने पर समाप्त हो जाता है।

ऐसे समय में देबश्मिता की बड़ी बहन का स्नेह और सतर्कता उल्लेखनीय है। यदि वह नियमित रूप से उनसे संपर्क न करतीं, यदि उनके फोन का उत्तर न मिलने पर चिंता न करतीं, तो संभव है कि इस दुखद घटना का पता और देर से चलता। यह प्रसंग हमें याद दिलाता है कि जीवन में रिश्तों की ऊष्मा कितनी महत्वपूर्ण है।

शायद आज आवश्यकता इस बात की भी है कि परिवारों में, विद्यालयों में और विश्वविद्यालयों के कक्षाओं में हम संबंधों, संवेदनाओं, जिम्मेदारियों और मानवीय मूल्यों पर पुनः चर्चा करें। परिवार प्रबोधन, सामाजिक शुचिता और व्यक्तिगत उत्तरदायित्व जैसे विषय केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहें, बल्कि समाज की सामूहिक चेतना का हिस्सा बनें।

इस लेख के माध्यम से मैं कोई नया विचार प्रस्तुत नहीं कर रहा हूँ। मुझसे पहले भी करोड़ों लोगों ने इन विषयों पर लिखा है, आज भी लिख रहे हैं और आगे भी लिखते रहेंगे। किंतु कुछ प्रश्न ऐसे होते हैं जिन्हें बार-बार पूछना पड़ता है। कुछ घाव ऐसे होते हैं जिन पर उंगली रखनी ही पड़ती है, क्योंकि वहीं से उपचार की शुरुआत होती है।

केवल मधुर और सुविधाजनक बातें हमारे व्यक्तिगत हितों को तो साध सकती हैं, परंतु वे उस गहरे और स्थायी परिवर्तन को जन्म नहीं देतीं जिसकी मानव समाज को आवश्यकता है। देबश्मिता पाल की दुखद मृत्यु हमें एक बार फिर यही स्मरण कराती है कि समाज का निर्माण केवल संस्थाओं से नहीं, बल्कि मूल्यों, संबंधों, संवेदनाओं और नैतिक साहस से होता है। और इन्हीं की रक्षा करना हमारे समय की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

6 comments:

  1. सार्थक मानवता की पहल अब अत्यंत आवश्यक है। सर समाज अंदर ही अंदर घुट रहा है।
    सुबह से शाम हम देखते है कि भारतीयता के दायरे संस्कृति में है। शहर सम्भवतः सभ्यता का भूत है जो सरल व्यक्तियों को निगल रहा है।

    ReplyDelete
    Replies
    1. आप की विचारपूर्ण टिपणी के लिए हार्दिक धन्यवाद सर 🙏🌺

      Delete
  2. A critical write up and commentary on the cotemporary society Dada 🌷

    ReplyDelete

  3. प्रो. देबश्मिता पाल की दुखद हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं है, बल्कि यह समाज के मूल्यों, संवेदनाओं और नैतिक चेतना पर हुआ एक गहरा आघात है। संपत्ति से बड़ा मनुष्य होता है—इस सत्य को भूलने वाला समाज कितना भी विकसित क्यों न हो, वह वास्तविक अर्थों में समृद्ध नहीं हो सकता। यह लेख हमें आत्ममंथन का अवसर देता है कि हम केवल सफल लोग तैयार कर रहे हैं या अच्छे इंसान भी बना रहे हैं। समाज का भविष्य केवल संस्थाओं पर नहीं, बल्कि विश्वास, रिश्तों, करुणा और चरित्र की नींव पर टिका होता है। यह घटना हमें एक बार फिर मानवता को बचाने और मूल्य-आधारित समाज निर्माण की दिशा में गंभीरता से सोचने का संदेश देती है।

    ReplyDelete
    Replies
    1. आप के अर्थपूर्ण टिपणी के लिए धन्यवाद सर 🙏🌺

      Delete